फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुरहानपुर: भाजपा की सेवा ज्योति यात्रा, 2047 के विकसित भारत का लिया संकल्प; राहुल-प्रियंका पर बरसीं चिटनिस

Wed, 07 Oct 2026 04:00 PM IST
बुरहानपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बुरहानपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को बुरहानपुर में भाजपा की ओर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कमल तिराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और समर्पण के सफर का लाइव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में बुरहानपुर और नेपानगर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद कमल तिराहे से दो मशाल रैलियां निकाली गईं। नेपानगर विधानसभा की मशाल विधायक मंजू दादू के नेतृत्व में जैनाबाद ले जाई गई, जबकि बुरहानपुर विधानसभा की मशाल विधायक अर्चना चिटनिस और सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के नेतृत्व में सुभाष स्कूल पहुंची।

पाटिल बोले- 2047 के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक लगातार सेवा और समर्पण के साथ काम किया है। 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हुए हैं।

पढे़ं:  अनूपपुर में सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकराई बाइक, 22 वर्षीय युवक की मौत

इसी उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा और समर्पण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प देश के सामने रखा है। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से इसी संकल्प की ज्योति को आगे बढ़ाने और देशवासियों को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने का संदेश दिया जा रहा है। पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में सीखने की कोई उम्र नहीं होने की बात कही है। उन्होंने निरंतर सीखते रहने और नई सोच के साथ देश के लिए काम करने की प्रेरणा दी।

राहुल-प्रियंका पर पाटिल का हमला
दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर के सवाल पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने युवाओं को भटकाने और देश को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को जेल में डालना चाहिए। पाटिल ने आरोप लगाया कि दोनों ने देश के खिलाफ जहर उगला है।

चिटनिस बोलीं- ‘हम कर सकते हैं’ नहीं, ‘हम करेंगे’
विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन से सिद्ध किया हुआ मंत्र देशवासियों को दिया है। उनके संदेश से नई उमंग, उत्साह और आत्मविश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि 2047 का विकसित भारत केवल सपना नहीं, बल्कि संकल्प है। भारत को तकनीक, खेल, ऊर्जा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी। चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश है- ‘वी विल डू इट।’ यानी अब केवल यह नहीं कहना है कि हम कर सकते हैं, बल्कि संकल्प लेना है कि हम करेंगे।

राहुल-प्रियंका पर चिटनिस ने कहा- संविधान और कानून का पालन जरूरी
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर एफआईआर को लेकर चिटनिस ने कहा कि देश में पर्याप्त कानून व्यवस्था है। कोई भी नियम विरुद्ध काम करेगा तो कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद लंबे समय तक विपक्ष में रहकर आंदोलन और प्रदर्शन किए हैं, लेकिन संवैधानिक व्यवस्था और नियम-कानून के दायरे में रहकर। उन्होंने कहा कि स्वेच्छाचारिता को स्वतंत्रता और आजादी नहीं कहा जा सकता। चिटनिस ने कहा कि जिस संविधान को हाथ में लेकर राजनीति की जाती है, उसका पालन भी किया जाना चाहिए।

गर्मी में परेशान दिखीं महिलाएं
कार्यक्रम के दौरान तेज गर्मी का असर भी नजर आया। कई महिलाएं गर्मी से परेशान दिखाई दीं और हाथों से हवा करती नजर आईं। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहा। मशाल रैलियों में कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ सहभागिता की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें