राधा-कृष्ण की भक्ति, संस्कृति और परंपरा गुरुवार को हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर जीवंत हो उठी। अमर उजाला और यूपीएमआरसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘घर-घर राधा-कान्हा’ कार्यक्रम में शहर के 200 से अधिक परिवारों के बच्चों ने राधा और कृष्ण के परिधान में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बच्चों ने राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजकर भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक पेश की। किसी ने राधा का रूप धारण किया तो कोई कान्हा की वेशभूषा में नजर आया। उनके चेहरे पर सजी मासूम मुस्कान और पारंपरिक परिधान लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा। बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर राधा-कृष्ण के रंग और भक्ति का माहौल देखने को मिला।