गुडंबा। फैजुल्लागंज निवासी ढाबा संचालक गौतम गुप्ता (42) रविवार शाम रिश्तेदार चुनमुन वर्मा (23) के साथ घैला पुल से गोमती नदी में कूद गए। सूचना पर पहुंची ठाकुरगंज पुलिस ने एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई। शाम सात बजे मौके पर पहुंचे गौतम के साढ़ू अभिषेक ने जूता देखकर उनकी पहचान की। देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका था। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज के मुताबिक, गाजीपुर, फैजुल्लागंज निवासी गौतम गुप्ता में पत्नी अमिता और दो बेटियों मान्या (18) व अनिका (15) के साथ रहते हैं। वह बीकेटी में ढाबा चलाते हैं। वहीं, बीकेटी के देवराई गांव निवासी चुनमुन वर्मा रिश्ते में उनकी साली लगती हैं। चुनमुन आईआईएम रोड पर एक गाड़ी के शोरूम में काम करती है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी गौतम की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को हो गई थी। इस बात को लेकर घर में कई दिनों से विवाद चल रहा था। रविवार को भी घर में झगड़ा हुआ था। इसके बाद गौतम दोपहर करीब 12:30 बजे जान देने की बात कहकर घर से निकल गए थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। शाम करीब सात बजे गौतम की पत्नी अमिता दोनों बेटियों के साथ साढ़ू अभिषेक के साथ घैला पुल पहुंचीं। वही चुनमुन के पिता महेंद्र भी मौके पर पहुंचे। महेंद्र ने बताया कि शनिवार को वह उसे बाइक से लेकर कानपुर में बैंकिंग की परीक्षा दिलाने ले गए थे। रात 10 बजे वापस लौटे थे। चुनमुन का एक भाई अनुभव है। खबर लिखे जाने तक एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम नदी में तलाश अभियान चला रही थी।