बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में राम सागर मिश्र अस्पताल के सामने बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास किया। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि महिला ने साड़ी, ब्लाउज और पेटीकोट पहन रखा था। उसके पैरों में बिछिया व पायल तथा गले में लॉकेट मिला है। हादसे में चेहरा क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान करने में परेशानी हो रही है। पुलिस ने महिला की फोटो लखनऊ के सभी थानों में भेजकर शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।