गोमती नदी में बाढ़ का पानी रात से शनिवार सुबह तक करीब छह इंच बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने से इटौंजा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों में ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सुल्तानपुर और लासा के बाद शनिवार सुबह बाढ़ का पानी अकड़रिया गांव की सड़क तक पहुंच गया। बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने से प्रभावित गांवों में अब फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, खेतों में पांच से दस फीट तक पानी भर जाने से फसलें पूरी तरह पानी में डूब चुकी हैं। इससे किसानों को बड़े नुकसान की आशंका है। वहीं, बाढ़ की स्थिति को देखते हुए इटौंजा क्षेत्र के प्रभावित गांवों में एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई है। टीम ने प्रभावित इलाकों में स्थिति का जायजा लिया और राहत-बचाव की तैयारियों को लेकर निगरानी शुरू की।