बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के चनवातारा (कठवारा) गांव में शनिवार को चोरों ने एक घर में नकब लगाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर रमेश के घर से करीब तीन लाख रुपये कीमत के गहने, 50 हजार रुपये नकद, पीतल के बर्तन समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि इससे पहले कई भैंसों की चोरी भी हो चुकी है, लेकिन इन घटनाओं में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले महीने भी कठवारा गांव में कई घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन वारदातों में करीब 18 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी होने की बात कही गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक इन मामलों का खुलासा नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।