68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मंगलवार को नियुक्ति की मांग को लेकर बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने करीब एक घंटे तक आवास के बाहर नारेबाजी और हंगामा किया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि वर्ष 2018 की भर्ती में दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, दलित और पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार पांच प्रतिशत आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया। उनका दावा है कि राज्य और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने भी आरक्षण में गड़बड़ी मानी है। अभ्यर्थियों ने 150 अंकों की परीक्षा में पांच प्रतिशत की छूट देते हुए 60 अंक यानी 40 प्रतिशत को पासिंग मार्क्स मानकर परिणाम संशोधित करने और आयोग के आदेशों के अनुसार जल्द नियुक्ति देने की मांग की।