तेलीबाग के वृंदावन सेक्टर-6 स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर डीजल की मात्रा को लेकर विवाद हो गया। लखनऊ में तैनात आर्मी के जवान दिव्यांशु पटेल अपनी कार लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे थे। उन्होंने कार में 65 लीटर डीजल भरवाया। इसके बाद उन्हें डीजल की मात्रा को लेकर शक हुआ। दिव्यांशु ने कार से पूरा डीजल निकलवाकर उसकी मात्रा की जांच कराई तो करीब 62 लीटर डीजल निकला। इसके बाद पेट्रोल पंप पर हंगामा शुरू हो गया। उन्होंने कार खाली कराने के बाद दोबारा डीजल भरवाया तो इस बार करीब 65 लीटर डीजल चला गया। इसको लेकर कार मालिक और पेट्रोल पंप के मैनेजर व कर्मचारियों के बीच विवाद होने लगा। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। फिलहाल विवाद को लेकर दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही थी।