शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को छोहरिया माता मंदिर शक्तिपीठ की ओर से बेटियों के सम्मान में बेटी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ और बाराबंकी जनपद से आईं प्रतिभाशाली छात्राओं को साइकिल समेत विभिन्न उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बेटियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें शिक्षा और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला शामिल हुए। इस दौरान समाजसेवी अजय त्रिपाठी (मुन्ना भैया), वरिष्ठ पत्रकार सुरेश यादव, संरक्षक शैलेंद्र पांडेय, विवेका श्रीवास्तव, व्यापारी नेता नीरज गुप्ता, प्रदीप सिंह विनोद सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने बेटियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया और समाज में बेटियों के सम्मान, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के महत्व पर जोर दिया। हर वर्ष 11 अक्टूबर को मनेगा बेटी दिवस छोहरिया माता मंदिर शक्तिपीठ के महंत लल्ला बाबा ने कहा कि शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन बेटियों के सम्मान में बेटी दिवस की शुरुआत की गई है। अब हर वर्ष 11 अक्टूबर को बेटी दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाशाली बेटियों को उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनका मनोबल बढ़े और वे अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज का गौरव हैं। उनके सम्मान, शिक्षा और प्रोत्साहन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। बेटी दिवस के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा