लखनऊ में लालजी टंडन वार्ड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का बृहस्पतिवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार और क्षेत्रीय पार्षद रोशनी रावत के साथ निरीक्षण किया। दोपहर करीब 11 बजे महापौर ने सैथा, सुखलाल खेड़ा और गुलमी खेड़ा समेत सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, जोनल अधिकारी अमरजीत यादव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान कराया। नगर निगम की टीम ने प्रभावित परिवारों के घरों तक भोजन, पानी और दवाइयों के पैकेट पहुंचाए। राहत सामग्री मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली।महापौर सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से प्लॉटिंग कर प्लॉट बेचने वाले प्रॉपर्टी डीलरों की भी जांच कराई जाएगी। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे या प्लॉटिंग मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।