ललितपुर/जाखलौन। पिपरई से धौरा जाते समय एक बाइक सवार की उस समय हालत खराब हो गई, जब अचानक उसकी चलती बाइक में सांप घुस गया। सांप को देखते ही बाइक सवार ने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और उसे छोड़कर दूर भाग गया। बताया गया कि बाइक सवार पिपरई से धौरा की ओर आ रहा था। इसी दौरान बाइक के अंदर सांप दिखाई देने पर वह घबरा गया। उसने तत्काल बाइक छोड़ दी और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने सावधानी से बाइक को खोलकर सांप की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद बाइक के अंदर से सांप को बाहर निकाला गया। सांप के निकलने के बाद बाइक सवार ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी होने पर मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।