थाना कलां। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जच्चा-बच्चा की मौत पर कुटलैहड़ के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने दुख जताते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 15 दिनों में इस तरह की दूसरी घटना सामने आना चिंताजनक है। भुट्टो ने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और लापरवाही सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर, प्रशिक्षित स्टाफ और आपातकालीन सुविधाएं सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठना गंभीर चिंता का विषय है। सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए।