धार्मिक नगरी चिंतपूर्णी में नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने की समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे मंदिर के गेट नंबर-3 के पास सड़क पर श्रद्धालुओं की कई गाड़ियां खड़ी दिखाई दीं। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु अपने वाहन सड़क पर खड़े करके माता रानी के दर्शन करने मंदिर चले गए थे। सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े इन वाहनों के कारण अन्य वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। चिंतपूर्णी में इस तरह की स्थिति आए दिन देखने को मिल रही है। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े होने से सड़क पर जाम लगने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर क्षेत्र में नो पार्किंग जोन के नियमों का पालन करवाने के लिए सख्ती जरूरी है। श्रद्धालुओं की ओर से सड़क पर वाहन खड़े कर दिए जाने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों दोनों के लिए यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जा सकेगी।