माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेकने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। अब चिंतपूर्णी आने वाले श्रद्धालुओं को अपने बड़े वाहनों की पार्किंग के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। मंदिर न्यास चिंतपूर्णी की ओर से भरवाईं में हैवी व्हीकल पार्किंग विकसित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को मंदिर प्रशासन ने जेसीबी मशीन लगाकर प्रस्तावित पार्किंग स्थल पर जमीन को समतल करने का कार्य शुरू करवाया। पार्किंग स्थल को विकसित करने के लिए वहां बने अस्थायी शौचालयों को हटाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जेसीबी मशीन के माध्यम से पार्किंग स्थल की लेवलिंग का कार्य शुरू करवा दिया गया है।