प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के प्रति आम जनता को जागरूक करने और पात्र उपभोक्ताओं का पंजीकरण करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड ने तीन दिवसीय विशेष सेवा सेतु जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बाद बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में शिविर लगाकर लोगों को योजना की जानकारी दी गई और पात्र उपभोक्ताओं का पंजीकरण किया गया। शिविर में उपभोक्ताओं को घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लाभ, योजना में पंजीकरण की प्रक्रिया, पात्रता संबंधी शर्तों और सरकार की ओर से निर्धारित वित्तीय सहायता के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा लोगों को सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया, अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से संयंत्र लगवाने और योजना से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। अभियान के नोडल अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि शिविरों में आम जनता की समस्याओं का समाधान करने और पात्र लाभार्थियों को योजना के लिए पंजीकरण करवाने के लिए प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया, ताकि वे निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों के अनुसार योजना का लाभ उठा सकें। अभियान के अगले चरण में 15 अक्तूबर को गगरेट और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों में जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना की जानकारी देने और पात्र उपभोक्ताओं को पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।