ग्राम पंचायत बैरियां में मीटिंग हाल के निर्माण के लिए चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर्शन सिंह बबलू ने पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। विधायक ने यह घोषणा दो अक्तूबर को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभा के दौरान की। उन्होंने कहा कि पंचायतों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और ग्रामीणों की जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विशेष ग्राम सभा में विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, नालियों, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। पंचायत प्रधान अपूर्व ठाकुर ने विधायक सुंदर्शन सिंह बबलू को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। उनके साथ पहुंचे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रविंदर कुमार शर्मा और पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकास कश्यप का भी पंचायत की ओर से स्वागत किया गया। ग्राम सभा में पंचायत के सभी वार्ड सदस्यों योगराज, धनी राम, सुरिंदर कुमार और पूर्व प्रधान बलबीर सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान स्वच्छता और ग्रामीण विकास को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।