गगरेट विधानसभा क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। इन कार्यों में गगरेट-अंब मार्ग पर 43 करोड़ रुपये की लागत से अंदौरा पुल, 11 करोड़ से ओयल-गुगलेहड़ सड़क, 11 करोड़ रुपये से भंजाल-दौलतपुर वाया भद्रकाली सड़क तथा संघनई में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण शामिल है। स्कूल के लिए अब तक 15 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त दौलतपुर चौक में करीब सवा करोड़ रुपये की लागत से फायर सेफ्टी सिस्टम, गगरेट कस्बे में 14 करोड़ रुपये की मल निकासी योजना, अप्पर अंदौरा में छह करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा 25 सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं सहित अनेक विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। यह बात गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने आज प्राचीन द्रोण महादेव शिव मंदिर (शिवबाड़ी)अंबोटा में खनियारा स्लेट से निर्मित भव्य प्रवेश द्वार और आकर्षक पार्किंग स्थल का लोकार्पण करने के उपरांत कही। करीब 10 लाख रुपये की लागत से तैयार इस प्रवेश द्वार और पार्किंग स्थल की विशेषता यह है कि इसके निर्माण के लिए न तो मंदिर ट्रस्ट से कोई राशि ली गई और न ही सरकारी अनुदान का सहारा लिया गया। शिवभक्तों के सहयोग और दान से तैयार यह पार्किंग स्थल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ आकर्षक सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी उभर रहा है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र कंवर, उपाध्यक्ष राकेश ठाकुर, विलेज कांग्रेस कमेटी डंगोह खास के अध्यक्ष हरमेश राणा, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, बीडीओ गगरेट सुरेंद्र जेतली, अंबोटा के प्रधान पंकज जसवाल, एनएसी की अध्यक्ष मंजू ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।