शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी एवं देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचीं। यहां उन्होंने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और हवन में भाग लेकर मां भगवती की आराधना की। नवरात्र के पावन अवसर पर मां चिंतपूर्णी के दरबार में पहुंचीं कमलेश ठाकुर ने माता रानी के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने पहले नवरात्र के अवसर पर प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं। शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही मां चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर रहे हैं और पूजा-अर्चना के साथ अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना कर रहे हैं। नवरात्र के पहले दिन चिंतपूर्णी क्षेत्र माता रानी के जयकारों से भक्तिमय नजर आया। मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पूरे क्षेत्र में उत्सव और आस्था का माहौल बना हुआ है।