बड़ूही चौक पर बुधवार दोपहर सीटीयू बस और कार के बीच टक्कर हो गई। हादसे में कार को मामूली नुकसान पहुंचा, जबकि दोनों वाहनों के सड़क पर रुकने से चौक पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय चौक पर सीटीयू बस और कार की भिड़ंत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय दुकानदारों और बुद्धिजीवियों ने पहल करते हुए दोनों वाहन चालकों के बीच बातचीत करवाई। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया। समझौता होने के बाद दोनों वाहन चालक अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया। मामले में पुलिस के पास कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, बड़ूही चौक पर वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण थोड़ी देर की रुकावट से भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को चौक से गुजरते समय सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत है।