निर्माण, शिल्प, सृजन और वास्तुकला के देवता भगवान विश्वकर्मा के पूजन दिवस पर सोलन में दूसरे दिन भी धार्मिक आयोजन देखने को मिले। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कारीगरों और विश्वकर्मा के अनुयायियों ने पूजा-अर्चना कर अपने कामकाज में इस्तेमाल होने वाले औजारों और उपकरणों का पूजन किया। इस अवसर पर सोलन के कारीगरों ने अपने अस्त्र-शस्त्र और काम में इस्तेमाल होने वाले औजारों को साफ कर उनकी विधिवत पूजा की और आरती उतारी। हालांकि, इससे एक दिन पहले भी जिले के कई स्थानों पर विश्वकर्मा दिवस मनाया गया था। कारीगरों की मान्यता है कि विश्वकर्मा दिवस पर औजारों की पूजा करने के बाद उस दिन उनसे काम नहीं किया जाता। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विश्वकर्मा को अनेक महान निर्माण कार्यों का शिल्पकार माना जाता है। मान्यता है कि उन्होंने सोने की नगरी लंका का निर्माण किया था। विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर कई जगह भंडारे का आयोजन भी किया जाता है। कारीगर हर वर्ष इस दिन विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान विश्वकर्मा से अपने हुनर में निरंतर निखार और काम में सफलता की प्रार्थना करते हैं। कारीगरों का कहना है कि वे भगवान विश्वकर्मा से कामना करते हैं कि उनके हाथों का हुनर बना रहे, वे अपने काम में दक्षता हासिल करें और बेहतर रोजगार स्थापित कर सकें।