शहर के वार्ड नंबर 17 बसाल में आयोजित दो दिवसीय मेले के अंतिम दिन आज खेल प्रतियोगिताओं का रोमांच देखने को मिलेगा। मेले में कबड्डी के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के अलावा महिला रस्साकशी और दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। मेले में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में दो भारवर्गों में मुकाबले करवाए जा रहे हैं। 65 किलोग्राम भारवर्ग में 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जबकि ओपन वर्ग में 15 टीमें मैदान में उतरी हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले सुबह से ही शुरू हो चुके हैं और देर शाम तक जारी रहेंगे। अंतिम दिन होने के चलते दर्शकों को कबड्डी के रोमांचक सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले देखने को मिलेंगे। कबड्डी के अलावा मेले में महिला रस्साकशी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। वहीं, दंगल में हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आए पहलवान अपनी कुश्ती का दम दिखाएंगे। दो दिवसीय मेले के अंतिम दिन खेल गतिविधियों और पारंपरिक दंगल के माध्यम से स्थानीय संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है।