फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोलन: कसौली के जोहड़जी में कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज, नैनाटिक्कर और सुल्तानपुर के बीच होगा पहला सेमीफाइनल

कसौली विधानसभा क्षेत्र में कबड्डी का रोमांच शुरू हो गया है। बोहली पंचायत के जोहड़जी में दंगल मेला कमेटी माइयां जोहड़जी की ओर से दो दिवसीय तीसरी कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ वीरवार को हुआ। प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। इसमें विभिन्न श्रेणियों के मुकाबलों के साथ खिलाड़ियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं। जूनियर वर्ग में पहला सेमीफाइनल मुकाबला नैनाटिक्कर और सुल्तानपुर की टीमों के बीच खेला जाएगा। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में भारती-7 और ब्लैक पेंथर ए की टीमें आमने-सामने होंगी। इन मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है। प्रतियोगिता के 65 किलोग्राम वर्ग में विजेता टीम को 15 हजार रुपये और उपविजेता को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, ओपन कैटेगरी में विजेता टीम को 25 हजार रुपये और उपविजेता को 15 हजार रुपये मिलेंगे। इस वर्ग में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 6,100 रुपये और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 5,100 रुपये दिए जाएंगे। आयोजकों की ओर से लड़कियों और सब जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। इन दोनों श्रेणियों में भाग लेने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है। लड़कियों के वर्ग में प्रथम पुरस्कार 5,100 रुपये और द्वितीय पुरस्कार 3,100 रुपये निर्धारित किया गया है। इसी तरह सब जूनियर वर्ग में विजेता टीम को 3,100 रुपये और उपविजेता को 2,100 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर, सर्वश्रेष्ठ कैचर और सर्वश्रेष्ठ रेडर को आकर्षक स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के मुकाबले सुबह 9 बजे से शुरू होंगे। आयोजकों ने अनुशासन को लेकर भी सख्त नियम बनाए हैं। नशे की हालत में पाई जाने वाली टीम को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें