औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में 28 से 30 नवंबर तक जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस मेले में सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, नशे के खिलाफ अभियान और सांस्कृतिक गतिविधियों का संगम देखने को मिलेगा। मेले का आगाज एंटी-चिट्टा वॉकथॉन से किया जाएगा, जबकि आयोजन के दौरान मेगा चिकित्सा शिविर और रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। मेले की तैयारियों और विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तय करने के लिए झाड़माजरी में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने की। इसमें दून के विधायक राम कुमार चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि रेडक्रॉस मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा और जरूरतमंद लोगों की सहायता का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक सहयोग और जनभागीदारी को मजबूत करने के साथ लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेले का शुभारंभ एंटी-चिट्टा वॉकथॉन से किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा। आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिल सके। तीन दिवसीय रेडक्रॉस मेले में लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मेगा चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा। मेले के तीनों दिन युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली, पंजाबी, भोजपुरी और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजन के अंतिम दिन यानी 30 नवंबर को मेले का रैफल ड्रॉ निकाला जाएगा। इसके साथ ही तीन दिवसीय जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का समापन होगा।