राजकीय महिला पॉलीटेक्निक कंडाघाट में आयोजित 28वीं हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय इंटर पॉलीटेक्निक खेलकूद प्रतियोगिता (छात्रा वर्ग) का बुधवार को समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में मेजबान राजकीय महिला पॉलीटेक्निक कंडाघाट की छात्राओं ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन और टेबल टेनिस दोनों ही वर्गों में विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल डॉ. संजय शांडिल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता व उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता के परिणामों में टेबल टेनिस के फाइनल मुकाबले में कंडाघाट ने खिताब जीता, जबकि राजकीय पॉलीटेक्निक रेहन की टीम उप विजेता रही। वहीं बैडमिंटन में भी मेजबान कंडाघाट की टीम चैंपियन बनी और राजकीय मिलेनियम पॉलीटेक्निक चंबा को उप-विजेता के स्थान से संतोष करना पड़ा।