नाहन(सिरमौर)। दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। लक्ष्मी पूजन की थाली में खील-बताशों के साथ अखरोट रखने की परंपरा के चलते बाजार में इसकी खरीदारी भी शुरू हो गई है। नाहन में जगह-जगह अखरोट के स्टॉल सज गए हैं, जहां स्थानीय पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ कश्मीर से लाए गए अखरोट भी ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं। बाजार में इन दिनों अखरोट 300 से 350 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जा रहा है। जिला के पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाला स्थानीय अखरोट करीब 300 रुपये किलो मिल रहा है, जबकि कश्मीर से आने वाला कागजी अखरोट 300 से 350 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। अखरोट की गुणवत्ता, आकार और किस्म के अनुसार कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है।