त्योहारों के सीजन में स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने के लिए नाहन व्यापार वृद्धि समिति ने लोगों से ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय बाजार से सामान खरीदने की अपील की है। समिति ने ऑनलाइन शॉपिंग और चौगान मैदान में विभिन्न संस्थाओं की ओर से लगाए जा रहे मेलों से स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर पड़ रहे असर पर चिंता जताई है। समिति अध्यक्ष विक्रम वर्मा ने कहा कि बीते माह चौगान मैदान में करीब 20 दिन तक मेला लगा रहा, जिससे स्थानीय दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ। उन्होंने मांग की कि मैदान में लगने वाले मेलों में व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाई जाए। यदि ऐसी गतिविधियों की अनुमति दी जाती है, तो स्थानीय व्यापारियों को भी अवसर मिलना चाहिए। वर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान स्थानीय दुकानदार ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए तैयार रहते हैं। ऐसे में लोगों को स्थानीय बाजार से खरीदारी कर व्यापारियों का सहयोग करना चाहिए, ताकि शहर की अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके। इस अवसर पर प्रदीप सिंगला, संजय सिंगला, मनमोहन अरोड़ा समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।