धनतेरस के पावन अवसर पर जिला सिरमौर के बाजार खरीदारों से गुलजार नजर आए। जिला मुख्यालय नाहन सहित जिले के अन्य बाजारों में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नाहन बाजार में कई जगह इतनी भीड़ रही कि लोगों को आवाजाही करने में भी परेशानी हुई। व्यापारियों को इस बार धनतेरस पर करोड़ों रुपये के कारोबार की उम्मीद है। धनतेरस पर पारंपरिक खरीदारी के लिए लोगों ने मिट्टी के बर्तन, धातु के बर्तन और आभूषणों की दुकानों का रुख किया। इसके अलावा कपड़ों की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। नाहन बाजार में शुक्रवार सुबह से ही खरीदार पहुंचने शुरू हो गए थे। दोपहर होते-होते बाजार में भीड़ काफी बढ़ गई। दुकानदारों ने बर्तनों की खरीद पर ग्राहकों को छूट भी दी। धनतेरस पर केवल बर्तन और आभूषण ही नहीं, बल्कि गाड़ी-बाइक के शोरूम, मिठाइयों, ड्राई फ्रूट्स और फर्नीचर की दुकानों पर भी खरीदारी देखने को मिली। शहर में टीवी, फ्रिज सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की भी अच्छी बिक्री हुई। नाहन के सुभाष ज्वेलर्स, नवरतन ज्वेलर्स और खिंदड़ी ज्वेलर्स सहित अन्य आभूषण विक्रेताओं की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों में सोने-चांदी के आभूषण खरीदने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। धनतेरस के मौके पर बाजारों में उमड़ी भीड़ से दुकानदार भी उत्साहित नजर आए। कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहार के चलते इस बार सिरमौर जिले में करोड़ों रुपये का कारोबार होगा।