अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले के अंतिम दिन कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने रेणुकाजी तीर्थ में देव दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक रेणुका झील में 500 शुद्ध घी के दीयों से आयोजित महाआरती में भाग लिया। इसके साथ ही कार्तिक दशमी से लगातार चल रही संध्याकालीन महाआरती का विधिवत समापन भी किया। शंख, घंटियों, ढोल और नगाड़ों की मधुर ध्वनि के बीच आयोजित महाआरती से पूरा रेणुकाजी तीर्थ भक्तिमय हो उठा। झील के किनारे सैकड़ों दीपों की जगमगाहट और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने मां रेणुकाजी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इस धार्मिक आयोजन में संत-महात्माओं सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और महाआरती के साक्षी बने।