सिरमौर जिले के पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन में आयोजित तीन दिवसीय छात्रा वर्ग की अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। समापन समारोह में एडीएम एकता कापटा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और विजेता टीमों व खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में 10 इंडोर खेलों में छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शतरंज और बैडमिंटन में पांवटा जोन ने बाजी मारी, जबकि रेसलिंग और कबड्डी में सराहां जोन विजेता रहा। योगा में राजगढ़ जोन ने खिताब अपने नाम किया। बॉक्सिंग में अकाल अकादमी बडू साहिब और वेट लिफ्टिंग में बनौर स्कूल विजेता रहा। विजेता टीमें अब हमीरपुर में 11 से 13 अक्तूबर तक होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेंगी। इससे पहले खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर 6 अक्तूबर से नारग स्कूल में आयोजित किया जाएगा।