पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिखों के प्रथम श्री गुरु नानक देव के 557वें प्रकटोत्सव पर ऐतिहासिक गुरु की नगरी में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में नगर कीर्तन निकला। शोभा यात्रा में आगे परंपरागत वेशभूषा में सुसज्जित पंच प्यारे निशांत साहिब थामे चल रहे थे। श्रद्धालु सड़क को पानी से धोते हुए साफ कर रास्ते में फूल वर्षा कर सजी-धजी गुरु ग्रन्थ साहिब की पालकी की अगुवानी कर रहे थे। गुरु का ध्वज लेकर चल रहे युवा व भजन मंडली पूरी सादगी से गुरु के भजनों में लीन रहे। पीछे गतका खेल रहे युवा अपने हैरतअंगेज करतबों से सभी को रोमांचित कर रहे थे। महिलाएं भजन-कीर्तन एवं गुरुवाणी कर पूरे नगर के वातावरण को भक्तिमय बना रही थीं। सबसे पीछे बच्चे अपने नृत्य और अन्य कार्यक्रमों से सभी का मन मोह रहे थे।