प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को जागरूक करने और पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नाहन स्थित बिजली बोर्ड कार्यालय में तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ शिविर शुरू हो गया है। शिविर 15 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें लोगों को सोलर पैनल लगाने, सरकारी अनुदान, बैंक ऋण और योजना में पंजीकरण से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। शिविर में जानकारी देते हुए सहायक अभियंता एवं नोडल अधिकारी कोमल शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना घरेलू उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी योजना है। पात्र उपभोक्ता अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाकर इसका लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत एक किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल पर 33,000 रुपये और दो किलोवाट पर 66,000 रुपये अनुदान मिल सकता है। वहीं, तीन किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल पर अधिकतम 85,800 रुपये तक अनुदान का प्रावधान है। कोमल शर्मा ने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली खर्च में बचत करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने पात्र उपभोक्ताओं से शिविर में पहुंचकर योजना की जानकारी लेने और पंजीकरण करवाने की अपील की। शिविर में उपभोक्ताओं को ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया, अधिकृत सोलर विक्रेताओं, उपकरणों की लागत, नेट मीटरिंग और बैंक ऋण से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। शिविर का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को अपना नवीनतम बिजली बिल और आधार कार्ड साथ लाने को कहा गया है। बिजली बोर्ड कार्यालय नाहन में यह शिविर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। बिजली बोर्ड ने नाहन शहर और आसपास के क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं से शिविर में भाग लेने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया है।