अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में पदम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर में आयोजित चार दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने प्रतिभा के जौहर दिखाए। एकल और युगल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अंडर-19 पुरुष वर्ग के एकल मुकाबले में विकेश विजेता और कृष्ण उपविजेता रहे। युगल में कार्तिक और विकेश की जोड़ी ने पहला, जबकि सुमेश और निखिल की जोड़ी ने दूसरा स्थान हासिल किया। 19 से 30 वर्ष पुरुष वर्ग के एकल में विवेक विजेता और क्षितिज उपविजेता रहे। युगल में अनिल और जतिन की जोड़ी ने विजेता का खिताब हासिल किया। विशाल और अनुराग की जोड़ी उपविजेता रही। 30 से 40 वर्ष पुरुष वर्ग के एकल मुकाबले में हैप्पी कुशाल ने पहला और विक्की गुप्ता ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। युगल में पंकज और हैप्पी विजेता, विक्की गुप्ता और राकेश उपविजेता रहे। 40 से 50 वर्ष पुरुष वर्ग के एकल में संजू विजेता और सुभाष शर्मा उपविजेता रहे। युगल में संजू और विक्रांत की जोड़ी ने बाजी मारी, जबकि विक्की और मनोज दूसरे स्थान पर रहे। 50 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग के एकल में पुनीत गुप्ता विजेता और संजीव मेहता उपविजेता रहे। युगल में पुनीत और संजीव मेहता की जोड़ी ने पहला, जबकि नर्गेश और मनोज की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग के एकल मुकाबले में कुलविंद्र विजेता और निधि उपविजेता रहीं। युगल में रामपुर कॉलेज की टीम विजेता रही, जबकि तनुजा और देवकला की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में पदम स्कूल रामपुर के प्रधानाचार्य पुष्पा नंद गुप्ता बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। बुशहर बैडमिंटन एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष राजेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यातिथि ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से खेलों के प्रति रुचि बढ़ने के साथ खिलाड़ियों में अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों और अतिथियों का आभार जताया।