जिला किन्नौर के निचार उपमंडल के निचार गांव में 11 करोड़ 46 लाख 30 हजार रुपये की लागत से सीवरेज योजना का निर्माण किया जाएगा। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जनशिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को इस योजना का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सुशीला नेगी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस योजना से निचार पंचायत क्षेत्र के करीब 500 घरों के साथ एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय निचार को भी सीवरेज सुविधा उपलब्ध होगी। जल शक्ति विभाग की ओर से कार्यान्वित की जाने वाली इस योजना को क्षेत्र की वर्तमान और भविष्य की आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। वर्तमान में 2244 और भविष्य में 3198 लोगों को मिलेगी सुविधा योजना के तहत वर्तमान में 2244 लोगों की आबादी के लिए सीवरेज सुविधा उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, भविष्य में बढ़ने वाली आबादी को ध्यान में रखते हुए 3198 लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत ढांचे का प्रावधान किया गया है। इससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र के लोगों को बेहतर सीवरेज सुविधा मिल सकेगी। योजना के अंतर्गत आधुनिक एमबीबीआर तकनीक पर आधारित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक तरीके से उपचार किया जाएगा। योजना पूरी होने के बाद क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही गंदे पानी के उचित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी लोगों की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहें और समस्याओं के निवारण में अनावश्यक देरी न करें। इसके बाद मंत्री जगत सिंह नेगी ने परिवार सहित माता ऊषा देवी मंदिर में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस अवसर पर कार्यवाहक उपमंडलाधिकारी नागरिक निचार नेहा नेगी, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रमोद नेगी, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता अक्षय नेगी, ग्राम पंचायत निचार की प्रधान मीरा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।