फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahr: रामपुर में 12 अक्तूबर से गूंजेगा क्रिकेट का रोमांच, 12 टीमें भिड़ेंगी

रामपुर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए इस बार अक्टूबर का महीना खास रहने वाला है। बुशहर स्वास्तिक फाउंडेशन की ओर से आयोजित बुशहर प्रीमियर लीग (बीपीएल) सीजन-2 का आगाज 12 अक्तूबर से होगा। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को समर्पित इस क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 12 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल क्रिकेट के रोमांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना भी रहेगा। प्रतियोगिता को लेकर रविवार को बुशहर स्वास्तिक फाउंडेशन की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता फाउंडेशन के अध्यक्ष पवन चौहान ने की। बैठक में बीपीएल में भाग लेने वाली टीमों की फ्रेंचाइजी के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतियोगिता के आयोजन, टीमों की तैयारियों और खिलाड़ियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। फाउंडेशन ने इस बार प्रतियोगिता को और अधिक आकर्षक बनाने की तैयारी की है। आयोजकों के अनुसार दर्शकों के मनोरंजन के लिए क्रिकेट मुकाबलों के साथ विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इससे मैदान में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ दर्शकों को भी अलग तरह का रोमांच देखने को मिलेगा। बीपीएल सीजन-2 में विजेता टीम को 6 लाख रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 3.50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। बड़ी इनामी राशि के चलते प्रतियोगिता में मुकाबले कड़े और रोमांचक रहने की उम्मीद है। बैठक में प्रत्येक टीम में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की संख्या, खिलाड़ियों के चयन, टीम की जर्सी, मैचों के आयोजन और निर्धारित समय पर मैदान में टीमों की उपस्थिति सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। आगामी दिनों में तैयारियों को अंतिम रूप देने और सभी फ्रेंचाइजी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी सहमति बनी। फाउंडेशन के अध्यक्ष पवन चौहान ने सभी टीमों से खेल की गरिमा बनाए रखने और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस बार बीपीएल में कई बदलाव किए गए हैं, जिससे दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिल सके। प्रतियोगिता को युवाओं के लिए सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और खेलों के प्रति आकर्षण बढ़ाने का माध्यम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना बीपीएल का प्रमुख उद्देश्य है। खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में नीतीश भंडारी, अजय राणा, साहिल जिष्टू, विनोद मेहता, जीता सिंह, दयाल कायथ, देविंद्र बोरिस, निट्टू शर्मा, विनोद भंडारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें