ग्राम पंचायत बशला की ओर से बुधवार को नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बशला में एंटी चिट्टा रैली और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। रैली में पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, विभागीय अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में नशा विरोधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नाटक, भाषण और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के कारण व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रोमौत्रा, डीएसपी रोहड़ू पीआर नव चौहान, खंड विकास अधिकारी देवी दयाल सरन और वन अधिकारी दीपिका चंदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। ग्राम पंचायत बशला के प्रधान बिनीत मेहता ने कहा कि युवाओं और आने वाली पीढ़ी को नशे की बुराई से बचाना सभी का सामाजिक दायित्व है।