मंडी जिले के धर्मपुर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए डॉ. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और एचसीएचआरडी आईटीआई धर्मपुर ने संयुक्त अभियान चलाया। इसका शुभारंभ एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने स्वच्छ पर्यावरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अभियान में पुलिस थाना प्रभारी विनोद कुमार, व्यापार मंडल प्रधान राजकुमार सोनी, स्कूल प्रधानाचार्य ओमप्रकाश और डीपीई विजय ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे। इस दौरान लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने, बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैले अपनाने और कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण रोकने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। विद्यार्थियों से अपने परिवारों और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।