फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: कलस्वाई में प्राकृतिक खेती का मॉडल तैयार कर रही साईं इटरनल फाउंडेशन, उगा रही मशरूम से लेकर काली हल्दी तक

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और लोगों को रसायनमुक्त खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साईं इटरनल फाउंडेशन लगातार प्रयास कर रही है। धर्मपुर क्षेत्र के कलस्वाई में संस्था प्राकृतिक खेती के माध्यम से विभिन्न प्रकार की सब्जियों, औषधीय फसलों और फलदार पौधों को तैयार कर रही है। संस्था का उद्देश्य खेती के पारंपरिक और प्राकृतिक तरीकों को प्रोत्साहित कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। साईं इटरनल फाउंडेशन के अंतर्गत कलस्वाई में प्राकृतिक खेती के माध्यम से विभिन्न प्रकार की सब्जियों के साथ मशरूम, जिमीकंद, आलू, अदरक, लहसुन, काली हल्दी और लाल हल्दी का उत्पादन किया जा रहा है। इसके अलावा स्ट्रॉबेरी की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। संस्था द्वारा हरड़, बेहड़ा और आंवला जैसे औषधीय पौधों की नर्सरी भी तैयार की जा रही है, ताकि भविष्य में इन पौधों का अधिक से अधिक रोपण किया जा सके। साईं इटरनल फाउंडेशन में कार्यरत एग्रीकल्चर डेवलपमेंट अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि संस्था केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और लोगों को प्रकृति के साथ जोड़ने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण को बचाने और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से संस्था प्रदेशभर में अब तक लाखों औषधीय एवं अन्य प्रजातियों के पौधे वितरित कर चुकी है। शुभम शर्मा ने कहा कि आज के समय में लोगों की जीवनशैली में तेजी से बदलाव आ रहा है। खानपान में रसायनों के बढ़ते उपयोग और असंतुलित दिनचर्या के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियों को लेकर चिंता बढ़ रही है। ऐसे में प्राकृतिक खेती को अपनाना समय की आवश्यकता है। संस्था का मुख्य लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों और किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना है, ताकि लोग अपने खेतों में प्राकृतिक तरीके से खाद्य पदार्थों का उत्पादन कर सकें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सकता है। इसके साथ ही किसानों को खेती के नए विकल्प भी मिल सकते हैं। संस्था का प्रयास है कि धर्मपुर क्षेत्र में तैयार किए जा रहे प्राकृतिक खेती के मॉडल को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए, जिससे वे भी इस पद्धति को अपनाने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने क्षेत्र के किसानों और युवाओं से भी आह्वान किया कि वे पारंपरिक खेती के साथ प्राकृतिक खेती के तरीकों को समझें और कृषि क्षेत्र में नए प्रयोग करने के लिए आगे आएं। साईं इटरनल फाउंडेशन का प्रयास है कि कृषि, औषधीय पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को एक साथ जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता लाई जाए और प्राकृतिक खेती को किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प बनाया जा सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें