फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: एनएच कंपनी के बजाय किसान सभा नेताओं पर केस दर्ज, भड़के भूपेंद्र सिंह

राष्ट्रीय राजमार्ग-003 के निर्माण से पिछले चार वर्षों से लोगों को पेश आ रही समस्याओं के विरोध में प्रदर्शन करने वाले हिमाचल किसान सभा के आठ नेताओं के खिलाफ सरकाघाट पुलिस ने एनएच एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सोमवार को मामले की पहली सुनवाई सरकाघाट कोर्ट नंबर-1 में हुई। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 20-20 हजार रुपये के मुचलके पर रिहा कर दिया। मामले की अगली सुनवाई तीन नवंबर को होगी। मामले में किसान सभा के खंड संयोजक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह के अलावा रणताज राणा, मेहर चंद गारला, पूर्ण चंद पराशर, अमृत लाल, दिनेश काकू, ब्रह्मदास शर्मा और रमेश चंद को नामजद किया गया है। कंपनी पर कार्रवाई न होने का आरोप भूपेंद्र सिंह ने पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि एनएच निर्माण कंपनी के खिलाफ लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय आंदोलन करने वाले किसान सभा नेताओं पर ही केस दर्ज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कंपनी के खिलाफ सरकाघाट और धर्मपुर थानों में शिकायतें दी गई थीं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को भी पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मांगपत्र सौंपा गया था। कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज न किए जाने पर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया गया था। अब पुलिस ने किसान सभा चोलथरा के पूर्व प्रधान, रखोह एनएच संघर्ष समिति और नागरिक सभा सरकाघाट के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। 11 सितंबर से अभियान शुरू करेगी किसान सभा भूपेंद्र सिंह ने कहा कि किसान सभा एनएच निर्माण कंपनी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ फिर से आंदोलन शुरू करेगी। 11 सितंबर को चोलथरा और रखोह से अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान एनएच निर्माण से जुड़ी समस्याओं का मौके पर जायजा लिया जाएगा और जमीनी स्थिति सामने लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि एनएच निर्माण कंपनी के खिलाफ हिमाचल हाईकोर्ट में जनहित याचिका भी दायर की गई है। पिछली सुनवाई में कंपनी ने कोर्ट में निर्माण कार्य पूरा होने और लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने का हलफनामा दिया था। भूपेंद्र सिंह का दावा है कि जमीनी स्थिति इससे अलग है। उन्होंने कहा कि 10 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई में एनएच निर्माण की वास्तविक स्थिति और लोगों की समस्याओं से जुड़े तथ्य कोर्ट के समक्ष रखे जाएंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें