मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में एनसीसी वायु सेना और आर्मी विंग की ओर से वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की वीरगाथाओं पर प्रेरणादायी व्याख्यान आयोजित किया गया। फ्लाइट कमांडर फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन लाल क्रांति सिंह ने कैडेट्स को युद्ध की पृष्ठभूमि, प्रमुख सैन्य अभियानों और भारतीय थल सेना, वायु सेना व नौसेना की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 1965 के युद्ध के वीर सैनिकों के साहस, अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और सर्वोच्च बलिदान से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। व्याख्यान में ऑपरेशन जिब्राल्टर, ऑपरेशन ग्रैंड स्लैम, असाल उत्तर, फिल्लौरा, डोगराई, बर्की और हाजी पीर जैसे अभियानों का उल्लेख किया गया। परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद और एबी तारापोर की वीरता भी बताई गई। इस दौरान कैडेट्स और पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों को 1965 के युद्ध पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। कैडेट्स ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट डॉ. बलबीर सिंह, डॉ. कविता सिंह सहित सैकड़ों कैडेट्स उपस्थित रहे।