हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के 42वें स्थापना दिवस पर मंडी जिला क्रिकेट संघ ने पड्डल मैदान में स्वच्छता अभियान चलाया। जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों ने मैदान की साफ-सफाई कर कचरा एकत्र किया। बाद में नगर निगम की गाड़ी के माध्यम से कचरे को उचित स्थान पर पहुंचाया गया। इस मौके पर मंडी जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि हिमाचल में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों से एचपीसीए ने क्रिकेट के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान मिली है। अजय राणा ने कहा कि एक समय एचपीसीए का सालाना बजट लाखों रुपये में हुआ करता था, जो आज करोड़ों रुपये तक पहुंच चुका है।