हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह रोहतांग दर्रे और मढ़ी में हिमपात होने से पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। रोहतांग दर्रे में करीब चार से पांच इंच और मढ़ी में लगभग एक इंच ताजा बर्फ जम गई है। लगातार हो रही बर्फबारी और सड़कों पर फिसलन बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर रोहतांग दर्रे की ओर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। इसके साथ ही बर्फबारी की स्थिति को देखते हुए रोहतांग सहित शिंकुला और बारालाचा दर्रे भी पर्यटकों के लिए बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन के निर्देशानुसार मढ़ी से रोहतांग दर्रे की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। इस मार्ग पर केवल आपातकालीन वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जा रही है। गुलाबा बैरियर पर भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जो पर्यटक वाहन पहले ही मढ़ी तक पहुंच चुके थे, उन्हें सुरक्षित वापस मनाली की ओर भेज दिया गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों और पर्यटकों से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रे बंद होने के बावजूद पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। पर्यटक अटल टनल के दोनों छोर, कोकसर, सिस्सू, गुलाबा और धुंधी में पहुंचकर बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं। इन पर्यटन स्थलों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से नजारे बेहद खूबसूरत हो गए हैं। पर्यटक बर्फ के बीच तस्वीरें खींचकर इस खूबसूरत मौसम को यादगार बना रहे हैं। ताजा बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सड़कों पर फिसलन बढ़ने की आशंका है। ऐसे में प्रशासन मौसम और सड़क की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पर्यटकों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों की ओर जाने का प्रयास न करें और केवल निर्धारित पर्यटन स्थलों पर ही जाएं। आगे की आवाजाही को लेकर फैसला मौसम और सड़क की परिस्थितियों का आकलन करने के बाद लिया जाएगा।