कुल्लू। ग्राम पंचायत सरची की एकमात्र मुख्य सड़क दो वर्षों से बदहाली का शिकार है। सड़क की खराब स्थिति के कारण जहां बस सेवा दो वर्ष से अधिक समय से बंद है। वहीं छोटे वाहनों के लिए भी इस सड़क पर आवाजाही बेहद जोखिमपूर्ण बनी हुई है। सड़क की स्थिति को देखते हुए किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने इस संबंध में वीडियो जारी करते हुए प्रदेश सरकार पर सड़क एवं ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरची सड़क की बदहाली सरकार के विकास के दावों की जमीनी हकीकत को सामने लाती है। उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं सरची गांव में रात्रि ठहराव कर चुके हैं। उस दौरान ग्रामीणों की मांग पर सड़क के सुधार के लिए धन उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की गई थी।