अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में लगाए गए अस्थाई बाजार में देर रात आग लगने की घटना सामने आई है। बाजार की एक दुकान में अचानक आग भड़कने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि दुकान के साथ लगे बिजली के खंभे पर लटके तारों में अचानक स्पार्किंग हुई। इससे निकली चिंगारियां पास लगे टेंट पर जा गिरीं, जिसके बाद टेंट में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। आग को फैलता देख स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उसे बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उनकी तत्परता के कारण आग आसपास की अन्य दुकानों और टेंटों तक नहीं पहुंच पाई। फिलहाल आग लगने से हुए नुकसान का विस्तृत विवरण सामने नहीं आया है। आग लगने के कारणों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद बिजली के तारों और अस्थाई बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।