फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुल्लू: संविधान के मूल्यों से रूबरू हुए कुल्लू कॉलेज के विद्यार्थी, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर लिया संकल्प

राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजनीति विज्ञान विभाग ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल्यों और नागरिकों के कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर उसके आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोम नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका से परिचित करवाया। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए संविधान में निहित मूल्यों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने युवाओं को संवैधानिक मूल्यों को समझने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में लोक गायिका खुशबू भारद्वाज ने गीत प्रस्तुत कर समां बांधा। इसके अलावा विद्यार्थियों को भारतीय संविधान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसके माध्यम से उन्हें संविधान के निर्माण और उसके महत्व से जुड़ी जानकारी मिली। कार्यक्रम के दौरान माय भारत स्वयंसेवी इशिता ने अपनी प्रस्तुति दी, जबकि शिवांगी ने कविता पाठ किया। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान के मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े विचार साझा किए। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक करना और उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता तथा नागरिक जिम्मेदारियों की समझ विकसित करना रहा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें