एचआरटीसी पेंशनरों की करीब 700 करोड़ रुपये की लंबित देनदारियों के भुगतान को लेकर एक बार फिर सरकार पर सवाल उठे हैं। एचआरटीसी पेंशनर नेता सुरेंद्र सूद ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पेंशनरों की देनदारियों का भुगतान करने में आनाकानी कर रही है। सुरेंद्र सूद ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से सरकारी विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन एरियर के भुगतान की घोषणा की गई है। ऐसे में एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित एरियर के भुगतान को लेकर भी सरकार को स्पष्ट घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी लंबे समय से अपनी हक की राशि मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पेंशनरों की विभिन्न देनदारियां लंबित होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर लंबित राशि का जल्द भुगतान करना चाहिए। सुरेंद्र सूद ने बताया कि एचआरटीसी पेंशनरों की विभिन्न मांगों को लेकर 1 सितंबर को मानसून सत्र के दौरान धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि पेंशनरों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और उन्हें लंबित देनदारियों का भुगतान कर राहत प्रदान की जाए।