ज्वालामुखी के निकट कथोग में आयोजित दशहरा उत्सव की आज की स्टार नाइट का भव्य आयोजन धूमधाम से किया गया। संगीत, मनोरंजन और उत्साह से सजी इस शाम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कथोग ग्राउंड दर्शकों से खचाखच भरा रहा। स्टार नाइट को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि युवा नेता रजनीश धवाला भी मौजूद रहे। दोनों की उपस्थिति से आयोजन की रौनक और बढ़ गई। कथोग ग्राउंड में उमड़ी भारी भीड़ ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। स्टार नाइट में गायकों शालू धीमान, अजय बादशाह, अमित मीतू और काकू राम ठाकुर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। पहाड़ी गीतों की धुन पर युवा नेता रजनीश धवाला और उनके समर्थक भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। दशहरा उत्सव के तहत आयोजित इस स्टार नाइट में स्थानीय संस्कृति और पहाड़ी संगीत की झलक देखने को मिली।