सुजानपुर (हमीरपुर)। विकास खंड कार्यालय सुजानपुर में नवनिर्वाचित प्रधानों, उपप्रधानों और वार्ड सदस्यों के लिए आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पंचायत प्रतिनिधियों को प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और पंचायती राज व्यवस्था की जानकारी दी गई। सहायक आयुक्त विकास एवं खंड विकास अधिकारी सुजानपुर तानिया कश्यप ने पंचायत प्रतिनिधियों को प्लास्टिक कचरा संग्रहण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पंचायतें अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से प्लास्टिक कचरा एकत्र करना सुनिश्चित करें। साथ ही लोगों को प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को प्लास्टिक कलेक्शन अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए भी निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज व्यवस्था, विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को बेहतर ढंग से लागू करने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की प्रक्रिया से भी अवगत करवाया। प्रशिक्षण शिविर में विकास खंड कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।