फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब देश में कहीं भी मिलेगा आपका राशन, ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ से आसान हुई सुविधा

अगर आप रोजगार या किसी अन्य वजह से अपने गांव या शहर से दूर रहते हैं तो अब राशन लेने के लिए अपने मूल स्थान पर लौटने की जरूरत नहीं है। ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ (ONORC) योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के पात्र लाभार्थियों को देश में कहीं भी अपनी पात्रता के अनुसार राशन लेने की सुविधा उपलब्ध है। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) आंचल कुमारी ने बताया कि लाभार्थी अपने मौजूदा राशन कार्ड का इस्तेमाल करते हुए किसी भी ईपीओएस-सक्षम उचित मूल्य की दुकान से अपनी पूर्ण या आंशिक पात्रता का खाद्यान्न प्राप्त कर सकता है। यह सुविधा खास तौर पर प्रवासी श्रमिकों, कामगारों और रोजगार के कारण अपने गृह क्षेत्र से बाहर रहने वाले परिवारों के लिए महत्वपूर्ण है। मसलन, यदि किसी परिवार का एक सदस्य रोजगार के लिए हिमाचल से किसी दूसरे राज्य में चला गया है तो वह वहां की अधिकृत राशन दुकान से अपनी पात्रता के अनुसार राशन ले सकता है। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य अपने गृह क्षेत्र में उपलब्ध बची हुई पात्रता का लाभ उठा सकते हैं। इससे लाभार्थियों को एक ही राशन दुकान या अपने मूल गांव पर निर्भर रहने की बाध्यता नहीं रहती। लाभार्थी ‘मेरा राशन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से राशन से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं। ऐप पर राशन की पात्रता, हाल के लेनदेन और आधार सीडिंग की स्थिति जैसी जानकारी उपलब्ध होती है। इसके अलावा राष्ट्रीय पोर्टेबिलिटी से जुड़ी जानकारी भी ऐप के माध्यम से देखी जा सकती है। सबसे खास बात यह है कि ऐप में GPS आधारित सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे लाभार्थी अपने आसपास की उचित मूल्य की दुकान का पता लगा सकते हैं। ऐप को विभिन्न भारतीय भाषाओं में इस्तेमाल किया जा सकता है। राशन वितरण या उचित मूल्य की दुकान से जुड़ी किसी समस्या की स्थिति में लाभार्थी संबंधित हेल्पलाइन और शिकायत माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं। - टोल फ्री हेल्पलाइन: 1967 - अन्न सहायता IVRS: 14457 - WhatsApp: 98682-00445 लाभार्थी राशन कार्ड में दर्ज परिवार के सदस्यों और अन्य विवरणों की भी जांच कर सकते हैं। विभाग ने आवश्यकतानुसार आधार सीडिंग और ई-केवाईसी की स्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है। डीएफएससी ने सभी राशन कार्ड धारकों से आग्रह किया है कि वे अपने राशन कार्ड में दर्ज परिवार के सदस्यों और संबंधित जानकारी की जांच करें। साथ ही ONORC, ‘मेरा राशन’ ऐप, ऑनलाइन जनसुनवाई और शिकायत निवारण सुविधाओं का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। इस व्यवस्था का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली को ज्यादा पारदर्शी, सुविधाजनक और पोर्टेबल बनाना है, ताकि पात्र व्यक्ति रोजगार या अन्य कारणों से कहीं भी रहे, उसे उसकी खाद्य सुरक्षा का लाभ मिलता रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें