भाजपा जिला प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने कांग्रेस प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट शगुन दत्त के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता तथ्यों और सरकारी रिकॉर्ड की पड़ताल किए बिना बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समीरपुर जल शक्ति विभाग उपमंडल को लेकर शगुन दत्त की प्रेस वार्ता भी इसी जल्दबाजी का उदाहरण है। विनोद ठाकुर ने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने समीरपुर से जल शक्ति विभाग के उपमंडल कार्यालय के स्थानांतरण को लेकर भोरंज विधायक सुरेश कुमार और प्रदेश सरकार से सवाल किए थे। इसके जवाब में शगुन दत्त ने सरकारी अधिसूचना दिखाने की मांग करते हुए राकेश ठाकुर के बयान को गलत बताया था। अब विनोद ठाकुर ने संबंधित सरकारी दस्तावेज मीडिया के समक्ष जारी करते हुए कहा कि रिकॉर्ड से स्थिति स्पष्ट हो जाती है।