फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमीरपुर: जिले के 2670 युवाओं को मिलेगा निशुल्क कौशल प्रशिक्षण, पांच क्षेत्रों में खुलेंगे कोर्स

जिले के युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार से जुड़ने का अवसर सामने आया है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के तहत हमीरपुर में 2670 युवाओं को अल्प अवधि के निशुल्क कौशल विकास कोर्स करवाए जाएंगे। इसके लिए 18 से 45 वर्ष की आयु के दसवीं और बारहवीं पास इच्छुक युवाओं की पहचान की जाएगी। वीरवार को हमीर भवन में जिला कौशल समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग ने की। उन्होंने संबंधित विभागों को जरूरतमंद और इच्छुक युवाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण से जोड़ने के निर्देश दिए। जिले में प्रशिक्षण के लिए पांच चयनित क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। कुल 2670 युवाओं में से 1080 युवाओं को दो से पांच माह का कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 1590 युवाओं को दो से पांच दिन के अल्प अवधि वाले प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा। इन प्रशिक्षणों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए भी जरूरी कौशल उपलब्ध करवाना है। प्रारंभिक तौर पर कई रोजगारपरक पाठ्यक्रम चिह्नित किए गए हैं। इनमें योग वेलनेस ट्रेनर, होम मैनेजमेंट एवं केयर गिवर, ग्रीन एनर्जी यानी सौर ऊर्जा सुपरवाइजर, नेचर गाइड, असिस्टेंट राफ्टिंग गाइड, गेस्ट सर्विस एग्जीक्यूटिव सहित पर्यटन एवं आतिथ्य, पर्यावरण विज्ञान और स्ट्रीट फूड से जुड़े कोर्स शामिल हैं। प्रशिक्षण सरकारी संस्थानों में करवाया जाएगा। इसके लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, होटल प्रबंधन संस्थानों और अन्य संबंधित संस्थानों को शामिल किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग ने हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम, शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, उद्योग और अन्य संबंधित विभागों को अधिक से अधिक जरूरतमंद युवाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी मांगे और स्थानीय जरूरत के अनुसार नए प्रशिक्षण कोर्स शामिल करने के निर्देश दिए। बैठक में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की जिला समन्वयक निशा कटोच ने योजना के लक्ष्य और प्रस्तावित प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने सभी विभागों और संस्थानों से अधिक से अधिक युवाओं को इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने का आग्रह किया। दो से पांच दिन के छोटे प्रशिक्षण से लेकर दो से पांच माह के विस्तृत कौशल कोर्स तक युवाओं को अलग-अलग अवधि में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। योजना के तहत चयनित क्षेत्रों में प्रशिक्षण लेकर युवा रोजगार तलाशने के साथ अपने स्तर पर स्वरोजगार की शुरुआत के लिए भी कौशल हासिल कर सकते हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें